पटना , फरवरी 08 -- ऐपवा की महासचिव मीना तिवारी और छात्र संगठन आइसा के नेतृत्व में निकाली जा रही बेटी बचाओ- न्याय यात्रा मंगलवार को पटना पहुंचेगी और यात्रा के समापन के अवसर पर 10 फरवरी को गांधी मैदान के गेट नंबर 10 से विधानसभा तक जोरदार मार्च का आयोजन किया जायेगा।

इस संबंध में ऐपवा की महासचिव मीना तिवारी ने कहा है कि यात्रा के दौरान यह साफ तौर पर सामने आया है कि भाजपा- जदयू सरकार महिलाओं और छात्राओं के सवाल पर पूरी तरह असंवेदनशील और विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि राज्य में बलात्कार और महिला उत्पीड़न की घटनाओं में सरकार और प्रशासन आरोपियों को बचाने में लगे हैं, जबकि पीड़ित परिवारों को न्याय के लिये दर-दर भटकना पड़ रहा है। इसी जनआक्रोश की तीव्र अभिव्यक्ति 10 फरवरी के विधानसभा मार्च में देखने को मिलेगी।

मीना तिवारी ने कहा है कि यह मार्च केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बिहार की बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिये उठने वाली सामूहिक आवाज है। सरकार को महिला सुरक्षा, त्वरित न्याय और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करनी ही होगी।

न्याय यात्रा में ऐपवा की महासचिव मीना तिवारी के साथ संगीता सिंह, रीता वर्णवाल, लीला वर्मा, वंदना प्रभा, अंजुषा, आइसा की राज्य अध्यक्ष प्रीति कुमारी, प्रिया, अनु और दीपंकर सक्रिय रूप से शामिल हैं।

ऐपवा और आइसा ने पटना की जनता, महिलाओं, छात्राओं और तमाम जनतांत्रिक संगठनों से 10 फरवरी के विधानसभा मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होकर न्याय की इस लड़ाई को मजबूत करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित