बैतूल , फरवरी 17 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई-बोरदेही मार्ग पर सोमवार रात एक सड़क हादसे में 59 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वे अपनी बेटी को ससुराल छोड़कर घर लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक सड़क किनारे पंचर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम लीलाझर काठी निवासी ओमकार पिता रामचन्द्र देशमुख (59 वर्ष) के रूप में हुई है। सोमवार रात करीब 9 बजे वे अपनी बेटी को उसके ससुराल बरई छोड़कर महतपुर होते हुए अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान महतपुर पंखा के पास बराई घाट के ऊपर मोही घाट क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक पंचर ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि ओमकार देशमुख सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुलताई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना स्थल पर पर्याप्त रोशनी नहीं थी। पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़ा ट्रक बिना पर्याप्त संकेतक के खड़ा था, जिससे अंधेरे में वह दिखाई नहीं दिया और बाइक सीधे उससे टकरा गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां मौत की खबर सुनकर परिवार में शोक की लहर छा गई। मुलताई पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सड़क किनारे खड़े ट्रक पर आवश्यक सुरक्षा संकेतक लगाए गए थे या नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित