पटना, फरवरी 10 -- बिहार विधानसभा की कार्यवाही के दौरान मंगलवार को पूर्वान्ह में विपक्ष ने प्रदेश में कानून व्यवस्था की बिगड़ती हालत तथा बेटियों की सुरक्षा के नाम ओर बहिर्गमन किया।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही आज अल्पसूचित प्रश्न काल के दौर में विपक्षी सदस्य तख्ती पर लिखे संदेश के साथ हंगामा करने लगे और 'नीतीश कुमार जवाब दो'' के नारे लगाने लगे।' इस पर अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि तख्ती पर संदेश ले कर सदन में आने की अनुमति नही है। उन्होंने कहा कि सदस्य शांत हो जाएं और सदन की मर्यादा के अनुरूप व्यवहार करते हुए शून्य काल मे अपनी बात कहें।
अध्यक्ष श्री कुमार की अपील का विपक्षी सदस्यों पर कोई असर नही हुआ और वह नारेबाजी करते हुए सदन के बीचोबीच आ गए।
इस बीच संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि विपक्ष मुख्यमंत्री से जवाब मांग रहा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुंमार के साथ उनके मंत्रिमंडल की पूरी टीम सदस्यों के सवालों का जवाब देने के लिए बैठी है, बशर्ते कि सवाल नियम और मर्यादाओं के साथ पूछे जाएं।
इसके बाद भी सदस्यों का हंगामा जारी रहा जिसपर प्रेम कुमार ने शांति व्यवस्था के लिए मार्शल को पोस्टरहटाने के लिए कहा। इसके बाद सभी विपक्षी सदस्य पहले तो अपनी सीट पर बैठ गए, लेकिन उसके बाद पुनः उठ कर सदन से बाहर चले गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित