बेगूसराय , अप्रैल 02 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने गुरूवार को बेगूसराय जिले में मंसूरचक प्रखंड के आपूर्ति पदाधिकारी समेत दो लोगों को 12 हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के तेमाम गांव निवासी और परिवादी पप्पू पासवान ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार और समसादु पंचायत के डीलर विद्या सागर के द्वारा उनके जन वितरण प्रणाली दुकान के अन्तर्गत बिक्री किये जाने वाले अनाज के लिए 25 रूपये प्रति क्विंटल के हिसाब से चार माह का कमीशन एवं लाईसेंस नवीकरण करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता रंजीत कुमार निराला के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित