पटना, मार्च 14 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि बीरपुर, वाल्मिकीनगर की तरह जल्द ही बेगूसराय में एयरपोर्ट बनाने का काम शुरू किया जाएगा।
श्री चौधरी ने आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान बेगूसराय के बीआईएडीए परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य को समृद्ध बनाने के लिए उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। बिहार के हर जिले में उद्योग की स्थापना की जाएगी। सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना है।
श्री चौधरी ने कहा कि बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह ने जिस बेगूसराय में उद्योग की नींव रखी थी, आज उसी बेगूसराय में औद्योगिक गतिविधियों को नई उंचाई मिल रही है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और के नेतृत्व वाली सरकार ने यहां उर्वरक के क्षेत्र में करीब 40 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया है।
बेगूसराय में प्लास्टिक चेयर सहित कई अन्य उद्योग भी चल रहे हैं सरकार राज्य के सभी जिलों में उद्योग स्थापित कर रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें और पलायन पूरी तरह समाप्त हो।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में बिहार सरकार ने 50 लाख से अधिक लोगों को नौकरी और रोजगार दिया है। उन्होंने बताया कि राज्य में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव आया है। कभी पटना से बेगूसराय जाने में चार से पांच घंटे लगते थे, अब यह दूरी डेढ़ से दो घंटे में तय हो रही है। मुजफ्फरपुर भी एक से डेढ़ घंटे में पहुंचा जा सकता है। हल्दिया से रक्सौल एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा रहा है, जिसके बाद बेगूसराय से कोलकाता की दूरी भी पांच से छह घंटे में तय की जा सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित