बेंगलुरु , अप्रैल 29 -- कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू के शिवाजीनगर में बुधवार को भारी बारिश के कारण बॉवरिंग अस्पताल के पास एक परिसर की दीवार गिर जाने से सात लोगों की मौत हो गयीप्राप्त जानकारी के मुताबिक पीड़ितों में ज्यादातर सड़क किनारे सामान बेचने और पैदल चलने वाले लोग थे। तेज हवाएं चलने और मूसलाधार बारिश से बचने के लिए वे दीवार के पास खड़े थे, तभी अचानक दीवार गिर गई।

मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने बॉवरिंग अस्पताल का दौरा किया और इस घटना के संबंध में पुलिस, बृहनबेंगलुरू नगरपालिक निगम और स्वास्थ्य अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। बाद में उन्होंने दुर्घटनास्थल का भी दौरा किया नागरिक और आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों सहित सभी विभागों को तत्काल एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि दीवार गिरने से सात लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हुए हैं।

अधिकारियों की ओर से साझा की गई शुरुआती जानकारी के अनुसार, दीवार पुरानी और कमज़ोर थी, और यह घटना अचानक हुई भारी बारिश और तेज़ हवाओं के दौरान हुई।

घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने रखरखाव और शहरी सुरक्षा निगरानी में संभावित चूक की व्यापक जांच के आदेश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी स्तरों पर जवाबदेही तय करने का भी निर्देश दिया।

श्री सिद्दारमैया ने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये के मुआवज़े की घोषणा की और निर्देश दिया कि सभी घायल व्यक्तियों को मुफ़्त और प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सा उपचार दिया जाए।

अधिकारियों को उनकी लापरवाही के लिए फटकार लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "क्या आप उस पुरानी दीवार की हालत नहीं देख सकते थे? क्या विभागों के बीच कोई तालमेल नहीं था? अगर उचित एहतियात बरते गए होते, तो इस त्रासदी से बचा जा सकता था।"उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और वरिष्ठ नागरिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव तथा राहत कार्यों की समीक्षा की। आपातकालीन टीमों ने मलबा हटाने और पीड़ितों को निकालने के लिए अर्थमूवर मशीनों का इस्तेमाल किया, जबकि पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित