बुलंदशहर , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में पुलिस ने एक पाकिस्तानी मूल के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो कथित रूप से लंबे समय से अवैध रूप से भारत में रह रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी वासिद वर्ष 1980 के आसपास अपनी मां के साथ दीर्धावधि वीजा पर भारत आया था। मां के निधन के बाद उसने यहां अवैध रूप से रहना जारी रखा और फर्जी आधार कार्ड तथा ड्राइविंग लाइसेंस बनवा लिए।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने आधार कार्ड में अपने पिता का नाम फर्जी तरीके से 'लईक' दर्ज करा लिया, जबकि उसके वास्तविक पिता पाकिस्तानी मूल के इरशाद बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बुलंदशहर के गुलावटी कस्बे में रह चुका है तथा वर्तमान में बुलंदशहर नगर शकी बीसा कॉलोनी में रह रहा था। उसे हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है तथा मामले से जुड़ी अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित