बुलंदशहर , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शराब पार्टी के दौरान कहासुनी के बाद दोस्तों द्वारा अपने ही एक साथी की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए शव बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि बुलंदशहर नगर क्षेत्र के देवीपुरा निवासी साक्षर (24) सोमवार से लापता था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की और संदेह के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि सिकंदराबाद क्षेत्र के चंदेरू जंगल में शराब पार्टी के दौरान विवाद हो गया था। इसी दौरान उन्होंने साक्षर के सिर पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को जमीन में गाड़ दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कर शव बरामद कर लिया। सूचना पर नगर और सिकंदराबाद क्षेत्र के पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित