बुलंदशहर , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के थाना नौसेना क्षेत्र में एक नाबालिग दलित किशोरी को कथित रूप से बहला-फुसलाकर मोटरसाइकिल पर ले जाने का मामला सामने आया है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता से किशोरी को सुरक्षित छुड़ा लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे दो युवक एक किशोरी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जा रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को संदेह हुआ, जिस पर उन्होंने बाइक का पीछा किया। घबराकर दोनों युवक मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया गया।

किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह कोचिंग के लिए जा रही थी, तभी आरोपियों ने उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठा लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि किशोरी और एक आरोपी के बीच पूर्व परिचय अथवा कथित प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित