बुलंदशहर , मार्च 7 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर में बीती देर रात एक व्यक्ति ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. तेजवीर सिंह ने शनिवार को बताया कि खुर्जा नगर के मोहल्ला हनुमान टीला निवासी चमन बंसल का पुत्र मनीष बंसल (42) छह मार्च की रात लगभग सवा दस बजे अपने मकान की ऊपरी मंजिल पर स्थित कमरे में सोने के लिए गया था। कुछ देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज आने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां मनीष बंसल को गोली लगी अवस्था में पाया गया।
बताया जाता है कि मनीष बंसल ने अवैध कट्टे से अपनी कनपटी पर गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से अवैध कट्टा और एक खोखा कारतूस बरामद किया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का आरोप है कि मृतक के पिता चमन बंसल लंबे समय से कथित सट्टे के अवैध कारोबार से जुड़े रहे हैं और पुलिस की दबिश से परेशान होकर मनीष बंसल ने आत्महत्या की है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित