बुलंदशहर , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के खुर्जा क्षेत्र में बीती देर रात एक बर्थडे पार्टी के दौरान केक चेहरे पर लगाने को लेकर हुए विवाद ने तिहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। गोलीबारी की इस घटना में तीन युवकों की मृत्यु हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 10:30 बजे खुर्जा नगर के सुभाष रोड स्थित एक जिम में जीतू नामक युवक की बर्थडे पार्टी चल रही थी। इसी दौरान युवकों के बीच एक-दूसरे के चेहरे पर केक लगाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर झगड़ा हिंसक हो गया और गोलीबारी शुरू हो गई। फायरिंग में मनीष, आकाश और अमरदीप नामक तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

तिहरे हत्याकांड के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एडीजी लॉ एंड ऑर्डर तथा एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एडीजी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आठ टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस को घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तकनीकी साक्ष्य प्राप्त हुए हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस बीच डीआईजी मेरठ जोन कलानिधि नैथानी भी देर रात से बुलंदशहर में मौजूद हैं और पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस घटना की गहन जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित