लखनऊ , दिसंबर 23 -- पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दावा किया कि बुलंदशहर आने वाले दिनो में पश्चिम उत्तर प्रदेश में पर्यटन का अहम केंद्र होगा।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 143वीं जयंती के अवसर पर श्री सिंह ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास से वर्चुअल माध्यम से बुलंदशहर की शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए 20.65 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से संचालित 10 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
उन्होने कहा कि किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह जी का जीवन कृषकों, ग्रामीण भारत और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा है। उनके आदर्शों पर चलते हुए प्रदेश सरकार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में समान रूप से विकास को गति दे रही है।'मंत्री ने बताया कि 'शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आज क्षेत्र में सात विकास योजनाओं का लोकार्पण किया गया, जिन पर 17.96 करोड़ रुपए से अधिक की लागत आई है। वहीं, तीन नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया है, जिन पर 02.69 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि व्यय की जाएगी। इस प्रकार कुल मिलाकर 20.65 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाएं शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र को समर्पित की गई हैं, जो क्षेत्र में पर्यटन विकास, आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण एवं जन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम है।'पर्यटन मंत्री ने शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए विधायक अनिल शर्मा के सतत प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सशक्त नेतृत्व में यह क्षेत्र तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं से न केवल क्षेत्रीय पर्यटन को नई गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आजीविका के अनेक अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के विश्वास को बनाए रखते हुए उत्तर प्रदेश को पर्यटन, संस्कृति और समग्र विकास के नए शिखर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित