बुलंदशहर , मई 11 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक कल्याण बन्धु की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों की समस्याओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। जिला सूचना अधिकारी चांद मयां ने बताया कि गत माह आयोजित बैठक में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों की ओर से 12 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए थे। जिलाधिकारी ने उनकी क्रमवार समीक्षा करते हुए सभी मामलों के निस्तारण की पुष्टि की।
बैठक के दौरान इस माह पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की ओर से 18 नए शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। जिलाधिकारी ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन अधिकारियों द्वारा शिकायतों का निस्तारण किया गया है, वे अगली बैठक में संबंधित अभिलेखों के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें, ताकि निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अभिषेक कुमार सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल महेंद्र प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित