नयी दिल्ली , दिसंबर 18 -- इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीटर एल्बर्स ने गुरुवार को कहा कि बुरा समय बीत चुका है और 19 साल पुरानी विमान सेवा कंपनी को सिर्फ संकट के "तीन दिन" के आधार पर नहीं आंका जाना चाहिये।
श्री एल्बर्स ने कर्मचारियों के नाम जारी एक वीडियो संदेश में कठिन समय में साथ देने के लिए कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "बुरा समय अब पीछे छूट चुका है। कंपनी आज 2,200 उड़ानों का परिचालन कर रही है। यह टीमवर्क का नतीजा है।"उन्होंने कहा कि अब एयरलाइंस तीन बातों पर फोकस कर रही है - खुद को मजबूत बनाना, मूल कारणों का विश्लेषण और पुनर्गठन। कंपनी ने दिसंबर के पहले सप्ताह में पैदा संकट की जांच के लिए विदेशी विशेषज्ञ की नियुक्ति की है। साथ ही वह खुद भी विभिन्न स्थानों का दौरा कर कर्मचारियों से मुलाकात करेंगे।
वीडियो संदेश में श्री एल्बर्स ने बताया है कि मूल कारणों की विश्लेषण और कर्मचारियों के इनपुट से इंडिगो पहले से कहीं मजबूत और बेहतरीन बनकर उभरेगी। उन्होंने कहा, "हमने मिलकर 19 साल में जो बनाया है उसे सिर्फ तीन दिन (03-05 दिसंबर) के आधार पर नहीं आंका जाना चाहिये।"उल्लेखनीय है कि 03 दिसंबर से 05 दिसंबर तक और उसके बाद भी इंडिगो ने बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द कीं। सबसे बुरा हाल 05 दिसंबर को रहा जब 1,500 से अधिक उड़ानें रद्द की गयीं। उसने इसके लिए पायलटों की फ्लाइट ड्यूटी से संबंधित नये नियमों और उसके अनुसार रोस्टरिंग में कंपनी विफलता को मुख्य कारण बताया था।
सरकार ने पूरे मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है जो जांच कर रही है। इस बीच इंडिगो को अस्थायी तौर पर नाइट फ्लाइंग के नियमों में कुछ छूट भी दी गयी है।
श्री एल्बर्स ने अपने वीडियो संदेश में कहा है कि संकट के बीच इंडिगो ने फिर से अपनी उड़ान हासिल कर ली है और यहां से सिर्फ आगे की ओर, ऊपर की ओर जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित