हरिद्वार , दिसंबर 20 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार जिले के बुग्गावाला में एमबी फूड्स द्वारा विकसित 'मशरूम ग्राम' का शनिवार को शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मशरूम उत्पादन कम भूमि, कम जल और कम समय में अधिक लाभ देने वाला प्रभावी उद्यम है, जो किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पहल से स्थानीय युवाओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को स्वरोज़गार के अवसर मिलेंगे तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के साथ लगातार कार्य कर रही है, वहीं उत्तराखंड सरकार भी कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठा रही है।

राज्य में कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी, तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण, नहरों से मुफ्त सिंचाई, पॉलीहाउस निर्माण, बागवानी, मिलेट और सुगंध फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

श्री धामी ने कहा कि 'मशरूम ग्राम' मॉडल राज्य के अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा और इन प्रयासों से उत्तराखंड कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित