बैतूल , अप्रैल 29 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई-छिंदवाड़ा हाईवे पर बुकाखेड़ी डेम के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें भरी 36 मुर्गियों की मौत हो गई। हादसा मंगलवार को पुलिया के समीप हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छिंदवाड़ा की ओर से आ रहा ट्रक मुर्गियों से भरा हुआ था। पुलिया के पास पहुंचते ही चालक संतुलन खो बैठा और ट्रक पलट गया। दुर्घटना के बाद मुर्गियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।

इस हादसे में ट्रक चालक रविंद्र को मामूली चोट आई है। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से क्रेन के जरिए ट्रक को हटाकर मार्ग को सुचारू किया गया। ग्रामीणों के अनुसार बुकाखेड़ी डेम के पास यह स्थान दुर्घटना-प्रवण है। पुलिया के बाद तीखा मोड़ और ढलान होने के कारण यहां वाहन अक्सर अनियंत्रित हो जाते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यहां चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित