पन्ना , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह अपनी बुंदेलखंड यात्रा के दौरान पन्ना पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

इंद्रपुरी स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने वीरांगना रानी अवंती बाई के बलिदान दिवस पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन सिंह के छायाचित्र पर भी श्रद्धांजलि दी।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा शोषण की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस सेवा की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने बताया कि वह बुंदेलखंड यात्रा के दौरान पुराने कार्यकर्ताओं से मिलकर संगठन को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि बुंदेलखंड क्षेत्र में भाजपा नेता कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दबाने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे में सभी को एकजुट होकर इसका मुकाबला करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी में एकता बनाए रखना जरूरी है और टिकट किसी को भी मिले, लक्ष्य कांग्रेस को जीत दिलाना होना चाहिए।

उन्होंने राज्य सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस समर्थकों को आर्थिक सहायता कम दी जाती है, जबकि भाजपा समर्थकों को अधिक लाभ मिलता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मजबूत होकर भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित