रामपुर , अप्रैल 06 -- उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में सड़क हादसे के रूप में दर्ज एक मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है। पुलिस ने महिला आरक्षी पत्नी और तीन वर्षीय पुत्र की हत्या के आरोप में पति समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने सोमवार को बताया कि थाना गंज क्षेत्र में 25 फरवरी की रात एक कार को अज्ञात डंपर द्वारा टक्कर मारने और आग लगने से महिला आरक्षी लता (27) तथा उसके पुत्र अवांश (3) की मृत्यु का मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में इसे सड़क दुर्घटना माना गया था, लेकिन विस्तृत विवेचना में मामला हत्या का निकला।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि मृतका के पति दानसिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना की साजिश रची थी। अभियुक्त ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने पत्नी को रास्ते से हटाने और बीमा/सरकारी लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, घटना के दिन आरोपी अपनी पत्नी और पुत्र के साथ घूमने गया था। वापसी के दौरान उसने पत्नी को कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं। इसके बाद सुनसान स्थान पर कार को रोककर सहयोगियों की मदद से वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।

पुलिस ने बताया कि महिला के बचने की कोशिश करने पर उसे जबरन वाहन में धकेला गया तथा बाद में अस्पताल ले जाते समय उस पर हमला कर उसकी हत्या सुनिश्चित की गई।

श्री मीणा ने बताया कि इस प्रकरण में दानसिंह, नूरहसन और सलमान को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा घटना में प्रयुक्त कार और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए गए हैं। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में संशोधन कर हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित