बहराइच , जनवरी 30 -- देवीपाटन मंडल के पुलिस महानिरीक्षक अमित पाठक ने वाहन दुर्घटना मामलों में बीमा फर्जीवाड़े के आरोप में जिले के नौ उपनिरीक्षकों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बीमा कंपनी में कार्यरत राजेंद्र सिंह ने शिकायत कर बताया था कि कुछ उपनिरीक्षक दुर्घटना मामलों में वाहनों और चालकों के नाम बदलकर बीमा कंपनियों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए आईजी ने विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर संबंधित उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

निलंबित किए गए उपनिरीक्षकों में हरदी के अरुण पांडे, रामगांव के संजीव द्विवेदी व रूप नारायण, नवाबगंज के अशोक जायसवाल, मटेरा के तेजनारायण यादव, नानपारा के राजेश्वर सिंह, मोतीपुर के विजय यादव व दिवाकर तिवारी तथा बौंडी के महताब आलम शामिल हैं।

आईजी अमित पाठक ने स्पष्ट किया कि बिना बीमा वाले वाहनों की जगह बीमित वाहन दर्शाकर क्षतिपूर्ति दिलाने का खेल गंभीर अनियमितता है। पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित