सागर , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले के नरयावली थाना क्षेत्र अंतर्गत बीना-कटनी रेलवे ट्रैक पर गुरुवार दोपहर एक दिव्यांग युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना ईशुरवारा रेलवे स्टेशन के बेलई घाट के पास दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है, जब भोपाल-बिलासपुर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों की सूचना पर नरयावली थाना पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान माधव पिता रामचरण पटेल (उम्र 39 वर्ष), निवासी ईशुरवारा के रूप में की गई। पुलिस ने तत्काल घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद वे भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक माधव एक हाथ और एक पैर से दिव्यांग था तथा चलने-फिरने में असमर्थ था। नरयावली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित