बीदर , मार्च 18 -- कर्नाटक के बीदर जिले में पुलिस ने गैस सिलेंडर की कालाबाज़ारी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 105 गैस सिलेंडर और दो वाहन जब्त किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत पुजारी ने बताया कि पुलिस टीम ने जनवाड़ा गांव में छापेमारी कर इस पूरे रैकेट का खुलासा किया। इस कार्रवाई से अवैध गैस कारोबार में शामिल नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी गैस सिलेंडरों को 1500 से 2000 रुपये तक की ऊंची कीमत पर बेच रहे थे। इस तरह वे गरीब और जरूरतमंद लोगों की मजबूरी का फायदा उठा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था। इस मामले में चार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर कहां से आए और क्या किसी एजेंसी की इसमें मिलीभगत थी।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया संकट के चलते ईंधन और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित