बीजापुर , जनवरी 22 -- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के संवेदनशील क्षेत्र में तैनात 85वीं बटालियन सीआरपीएफ ने गुरुवार को ग्रामीणों के बीच विश्वास बहाली और कल्याण के लिए एक विशेष सिविक एक्शन कार्यक्रम एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। यह कार्यक्रम ग्राम कांवड़गांव में पुलिस उप महानिरीक्षक (रेंज बीजापुर) बी.एस. नेगी के मार्गदर्शन एवं कमांडेंट सुनील कुमार राही के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर ग्राम हिरमागुंडा और आसपास के क्षेत्रों के लगभग 300-350 ग्रामीणों ने भाग लिया। बटालियन द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को साइकिलें, सिनेटक्स, रेडियो सेट, कंबल, साड़ी-लुंगी, चप्पल, मच्छरदानी जैसे घरेलू सामान तथा फुटबॉल, वॉलीबॉल व क्रिकेट सामग्री वितरित की गई, साथ ही एक नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाकर ग्रामीणों का इलाज किया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक बी.एस. नेगी ने कहा कि इसका उद्देश्य आम जनता से जुड़कर उन्हें कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि साइकिल जैसे संसाधन ग्रामीणों को आसपास के शहरों से जोड़ने में मददगार साबित होंगे। कमांडेंट सुनील कुमार राही ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीणों और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास बढ़ेगा और लोग नक्सली विचारधारा से निकलकर मुख्यधारा में शामिल होंगे।
85वीं बटालियन की वर्ष 2008 में इस क्षेत्र में तैनाती के बाद से सड़क निर्माण, बिजली आपूर्ति, मोबाइल कनेक्टिविटी जैसे मूलभूत विकास कार्यों को गति मिली है। इस कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के लिए जलपान और भोजन की भी व्यवस्था की गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित