बीजापुर , जनवरी 29 -- छत्तीसगढ में दक्षिण बीजापुर के पामेड़ इलाके में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात नक्सली मारे गए हैं।
मृतकों की पहचान पामेड़ एरिया कमेटी के सदस्य एरिया कमेटी मेंबर (एसीएम) प्रदीप उर्फ जोगा और पार्टी सदस्य (पीएम) भीमा वेको के रूप में हुई है। दोनों पर सात लाख रुपये का इनाम घोषित था।
बीजापुर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने गुरुवार शाम को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार शाम को कावरगट्टा-गुंडराजगुडे़म जंगल क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद डीआरजी की टीम ने तलाश अभियान शुरू किया। इस दौरान आज सुबह लगभग सात बजे से दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी के बाद मुठभेड़ शुरू हो गयी।
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से दोनों माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। साथ ही एक एके-47 राइफल, एक नौ एमएम पिस्टल, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री एवं अन्य नक्सली सामग्री जब्त की गई है।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि मारे गए दोनों कैडर विभिन्न हिंसक घटनाओं में शामिल थे। इन पर हाल ही में कावरगट्टा ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच भीमा मड़कम की हत्या का भी आरोप है। यह हत्या तब हुई थी जब भीमा मड़कम अपने खेतों पर काम कर रहे थे। पूर्व सरपंच को गोलियों का शिकार होते स्थानीय ग्रामीणों ने देखा था। भीमा ने नक्सल हिंसा के कारण पलायन किया था, एक दिन के लिए वह खेतों में आए तभी नक्सलियों ने उनकी जान ले ली थी। बीजापुर जिले की पुलिस ने 20 जनवरी को इस हत्या के बारे में बताया था।
पुलिस अधीक्षक यादव ने कहा कि आसूचना-आधारित अभियानों के कारण सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है। जिले में शांति और विकास सुनिश्चित करने के लिए ऐसे ऑपरेशन जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित