बीजापुर , जनवरी 29 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच जारी मुठभेड़ में गुरुवार दोपहर तक दो नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। मुठभेड़ स्थल से एके-47 राइफल और 09 एमएम पिस्टल समर्थ भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद भी सुरक्षा बलों के कब्जे में आया है।

पुलिस ने अभी दोपहर में इस खबर के बारे में अधिकृत तौर पर दूसरी बार मीडिया को जानकारी दी है। मिली जानकारी के मुताबिक यह झड़प दक्षिण बीजापुर क्षेत्र में आज सुबह लगभग 7 बजे शुरू हुई थी, जब सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की एक टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। ऑपरेशन के दौरान दोनों पक्षों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग का सिलसिला जारी रहा। दोपहर 1:30 बजे तक की जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ वाले इलाके की घेराबंदी और सघन सर्चिंग जारी है।

सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि चूंकि ऑपरेशन अभी भी चल रहा है, इसलिए मुठभेड़ के सटीक स्थान, शामिल बलों की संख्या या अन्य संवेदनशील विवरण सार्वजनिक नहीं किए जा रहे हैं। यह सावधानी ऑपरेशन में लगे जवानों की सुरक्षा और मिशन की सफलता को ध्यान में रखते हुए बरती जा रही है।

इस सफल कार्रवाई को सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। बरामद हथियारों से इस बात के संकेत मिलते हैं कि नक्सलियों के पास उन्नत शस्त्रागार मौजूद था। आसपास के विस्तृत इलाके में घेराबंदी कर सर्च अभियान जारी है ताकि कोई भी फरार नक्सली छिपकर न भाग सके। पूर्ण सर्चिंग के बाद ही घटना की विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित