बीजापुर , फरवरी 16 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों द्वारा माओवादियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों के तहत भारी मात्रा में विस्फोटक एवं अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में माओवादियों द्वारा लगाए गए कई इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद कर उन्हें नष्ट किया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना उसूर क्षेत्र के ताड़पाला बेस एरिया में केरिपु 229 वाहिनी की टीम द्वारा सघन सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान ताड़पाला बेस के दक्षिण दिशा में नाले के पास माओवादियों द्वारा प्लांट किए गए दो आईईडी बरामद किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक आईईडी बियर बॉटल में और दूसरा बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) में फिट किया गया था।
सर्च अभियान को और आगे बढ़ाते हुए सुरक्षा बलों ने उसी क्षेत्र में माओवादियों द्वारा जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक विस्फोटक डंप भी बरामद किया। इस डंप से भारी मात्रा में युद्ध सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुएं मिलीं। बरामद सामग्री में 40 नग बीजीएल, 35 नग बीजीएल राउंड, 90 नग बैटरी, डायरेक्शन आईईडी निर्माण के लिए इस्तेमाल होने वाली सात नग लोहे की पाइप, कच्चा ग्रेनेड बनाने की सामग्री, लोहे की प्लेट, लेथ मशीन के पार्ट्स, आयरन कटर ब्लेड, प्लास्टिक ड्रम, स्टील ट्रंक, वाटर पंप, साबुन, डिटर्जेंट पाउडर, मैगजीन पाउच और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है।
इसी प्रकार की एक अन्य कार्रवाई में केंद्रीय रिजर्व पुलिस की 22 वीं वाहिनी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस की 214 वाहिनी की संयुक्त टीम ने थाना भोपालपटनम् क्षेत्र के कोंडापड़गु इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों द्वारा जमीन में गाड़कर रखे गए चार नग बियर बॉटल आईईडी का पता लगाकर उन्हें बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि बरामद सभी आईईडी को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित