बीजापुर , जनवरी 23 -- छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के लंकापल्ली जंगल में शुक्रवार सुबह माओवादियों द्वारा लगाए गए एक प्रेशर आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल सूत्रों से आज मिली जानकारी के मुताबिक घायल व्यक्ति की पहचान राजू मोडियामी (30) के रूप में की गई है। विस्फोट इतना भीषण था कि राजू के दाहिने पैर की एड़ी पूरी तरह से टूट गई। गंभीर चोट के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगभग सात किलोमीटर पैदल चलकर, लंगड़ाते हुए, जंगल से बाहर निकलने में सफलता हासिल की। वह सीधे नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायल ग्रामीण को अब और बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित एक उच्चस्तरीय अस्पताल में भेजे जाने की तैयारी है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

इस घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों और पुलिस ने संवेदनशील माने जा रहे इस इलाके में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इस ऑपरेशन का मकसद जंगल में छिपे हुए अतिरिक्त आईईडी या अन्य अवैध हथियारों का पता लगाना और माओवादियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह विस्फोटक उपकरण नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों के लिए रास्ते में लगाया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित