बीजापुर , फरवरी 05 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के दक्षिण क्षेत्र स्थित थाना तर्रेम के जंगल में पुलिस और सशस्त्र माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दक्षिण बस्तर डिवीजन का एक प्रमुख माओवादी मारा गया है। मुठभेड़ स्थल से एक स्वचालित एके-47 राइफल सहित विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर जितेंद्र यादव ने गुरुवार को बताया कि दक्षिण बस्तर डिवीजन के डिवीजनल कमेटी मेंबर (डीवीसीएम) उधम सिंह और अन्य सशस्त्र नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) बीजापुर और कोबरा की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया था। इस अभियान के दौरान आज सुबह लगभग सात बजे से सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी हुई। संघर्ष के बाद मुठभेड़ स्थल से डीवीसीएम उधम सिंह का शव बरामद किया गया, जिस पर आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था।
मारा गया माओवादी उधम सिंह कोत्तागुड़ा जिला ( बीजापुर) का निवासी था। बताया जाता है कि वह वर्ष 2002-03 में संगठन में पार्टी सदस्य के रूप में शामिल हुआ था। संगठन में शामिल होने के बाद से वह छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा क्षेत्र में सक्रिय रहा और पिछले तीन वर्षों से पामेड़ एरिया कमेटी में सक्रिय था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उधम सिंह के विरुद्ध जिला बीजापुर के विभिन्न थानों में कुल नौ अपराधिक मामले दर्ज थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित