देहरादून , फरवरी 12 -- उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) गुवाहाटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ पद्मश्री डॉ. बीकेएस संजय और उनके पुत्र गिनीज बुक ऑफ द वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक डाॅ. गौरव संजय ने सड़क सुरक्षा पर आधारित अपनी पुस्तक 'भारत में सड़क दुर्घटनाएँ' लोक भवन, देहरादून में गुरुवार को भेंट की।

राज्यपाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाएँ गंभीर सामाजिक चुनौती हैं। ऐसे प्रयास समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नीतिगत सुधारों को भी प्रेरित करते हैं। उन्होंने पुस्तक को सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में एक समयोचित और महत्वपूर्ण योगदान बताया।

उल्लेखनीय है कि पुस्तक में भारत में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता, उनके कारण, दुष्परिणाम और रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई है। लेखक द्वय बताते हैं कि सड़क हादसे केवल शारीरिक चोट तक सीमित नहीं रहते, बल्कि पीड़ितों और उनके परिवारों पर मानसिक, सामाजिक और आर्थिक स्तर पर भी गहरा प्रभाव डालते हैं। पुस्तक में, ट्रॉमा केयर और चिकित्सा व्यवस्था पर पड़ने वाले दबाव को भी प्रमुखता से उजागर किया गया है। साथ ही यातायात नियमों का कठोर पालन, सड़कों की संरचना में सुधार, ट्रॉमा केयर सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, और जन-जागरूकता अभियानों को तेज करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। इसके अलावा स्कूल स्तर पर सड़क सुरक्षा शिक्षा को पाठ्यक्रम में शामिल करने और नियंत्रित, गुणवत्तापूर्ण ड्राइविंग स्कूलों की संख्या बढ़ाने की अपील भी की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित