फिरोजाबाद , मार्च 8 -- अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के टूंडला जंक्शन से बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस का संचालन टूंडला से कानपुर तक महिला स्टाफ द्वारा विशेष रूप से किया गया। इस अवसर पर महिला रेल कर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे के रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल तथा रेल यातायात प्रबंधक टूंडला अमित आनंद के निर्देशन में महिला कर्मचारियों के सम्मान के लिए विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक सुजीत कुमार ने बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस की लोको पायलट सुश्री अर्चना सिंह, मैनेजर जोशना, स्टेशन मास्टर श्रीमती रजनी सिंह तथा श्रीमती शशि सहित स्टेशन पर कार्यरत अन्य महिला कर्मियों और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महिला स्टाफ को सम्मानित किया।
अधिकारियों ने इस अवसर पर महिला कर्मियों के रेलवे में सशक्त योगदान और समर्पण की सराहना करते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की और सभी का उत्साहवर्धन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित