श्रीगंगानगर , जनवरी 21 -- राजस्थान के बीकानेर जिले में लूणकरणसर थाना क्षेत्र के कालवास गांव में बुधवार को बुजुर्ग दम्पती के शव मिले।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इसी गांव का एक किशोर सुबह विद्यालय जाने से पहले अपने दादा धनपत बावरी (60) और दादी जीतो (55) के घर आया तो उसकी दादी जीतो देवी चारपाई पर रक्तरंजित हालत में मृत मिली जबकि दादा का शव फंदे पर लटका मिला। उसने तुरंत अपने पिता को फोन किया, जिसके बाद परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग दंपती अकेला रहता था। दंपती के दो बेटे खेत में बनी ढाणी में अपने परिवारों के साथ रहते हैं। संभवत: बुजुर्ग संपत्ति में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ होगा। इस दौरान पति ने पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित