मुंबई , जनवरी 15 -- बृहन्मुंबई नगर निगम के लिए मतदान गुरुवार सुबह उत्साहपूर्ण माहौल में शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मुंबई के मतदान केंद्रों पर पहुंचे।

मतदान की आधिकारिक शुरुआत सुबह 7.30 बजे हुई लेकिन उससे पहले ही शहर के 227 वार्डों में कई मतदान केंद्रों के बाहर लंबी लाइनें दिखीं जिनमें बुजुर्ग मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक थी।

सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही तस्वीरों में वरिष्ठ नागरिकों को छड़ी और परिवार के सदस्यों सहयोग से मतदान केंद्रों पर पहुंचते हुए दिखाया गया है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने के उनके दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।

शहर के एक मतदान केंद्र पर 91 वर्षीय भाजपा नेता और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल राम नाइक मतदान करने वाले शुरुआती लोगों में शामिल थे। मतदान के बाद पत्रकारों से बात करते हुए श्री नाइक ने कहा कि जल्दी मतदान करना उनकी लंबे समय से चली आ रही निजी आदत है और इससे उन्हें मतदान व्यवस्था का अवलोकन करने और चुनाव कर्मचारियों से बातचीत करने का अवसर मिलता है।

इसी तरह पूरे शहर में कई स्थानों से इसी तरह के दृश्य देखने को मिले। दादर के मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों ने दिन में जल्दी मतदान करने पर संतोष व्यक्त किया, कुछ मतदाताओं ने कहा कि वे सुबह की सैर के बाद सीधे मतदान केंद्र पहुंचे।

परिवार के सदस्यों की सहायता से आए बुजुर्ग महिलाओं एवं पुरुषों की उपस्थिति ने अन्य मतदाताओं और मतदान कर्मियों का ध्यानाकर्षित किया। वरिष्ठ नागरिकों की भारी संख्या में शुरुआती मतदान ने बीएमसी चुनावों के प्रति नागरिक उत्साह को उजागर किया जिसे विशाल बजट और राजनीतिक प्रभाव के कारण प्रायः मिनी विधानसभा चुनाव कहा जाता है।

शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में विभाजन के बाद मुंबई में यह पहला नगर निगम चुनाव हैं, जिससे इनका राजनीतिक महत्व और भी बढ़ गया है। मुंबई में सार्वजनिक अवकाश घोषित होने के साथ ही, राज्य चुनाव आयोग ने शहर के लगभग 1.03 करोड़ पात्र मतदाताओं द्वारा भारी मतदान करने की उम्मीद व्यक्त की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित