मुंबई , दिसंबर 04 -- बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने एक अलर्ट जारी किया है जिसमें लोगों को गुरुवार रात शहर के तटीय इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। मुंबई में रात 11.52 बजे 4.96 मीटर तक उच्च ज्वार आने की उम्मीद है।

बीएमसी ने ऐसे लोगों को खासकर सावधानी बरतने की सलाह दी है जो निचले और तटीय इलाकों में रहते हैं। उसने 4 से 7 दिसंबर के बीच के समय के लिए अलर्ट जारी किए हैं। इस दौरान चार मीटर से अधिक उच्च ज्वार आने की आशंका है।

अधिकारियों ने कहा कि लोगों को सावधान रहना चाहिए। समुद्र में जाने से बचना चाहिए और जीवनरक्षकों तथा स्थानीय अधिकारियों की सुरक्षा सलाह का पालन करना चाहिये।

बीएमसी ने दादर में चैत्य भूमि और पास के शिवाजी पार्क में आने वाले यात्रियों से 6 दिसंबर को बाबासाहेब अम्बेडकर की पुण्यतिथि पर समुद्र तट से सुरक्षित दूरी बनाए रखने का आग्रह किया है।

उल्लेखनीय है कि हर साल बाबासाहेब अम्बेडकर के लाखों अनुयायी इस जगह आते हैं और भारतीय संविधान के निर्माता को श्रद्धांजलि देते हैं। उनका अंतिम संस्कार 1956 में यहीं हुआ था।

हादसों को रोकने के लिए आपदा प्रबंधन की टीमों और स्थानीय पुलिस को सतर्क कर दिया गया है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और आपातकाल में तुरंत मदद मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित