मुंबई , दिसंबर 16 -- महाराष्ट्र में आगामी 15 जनवरी को होने वाले नगर निगम चुनावों से पहले बढ़ते वायु प्रदूषण की ओर ध्यानाकर्षित करने एवं पर्यावरण संरक्षण को चर्चा के केंद्र में लाने के लिए, जेनरेशन जेड शनिवार सुबह नवी मुंबई के वाशी में समुद्र तट पर प्रतीकात्मक मानव श्रृंखला बनाएगी।
दो घंटे की मानव श्रृंखला सुबह सात बजे से नौ बजे तक सेक्टर 10-ए, वाशी में आयोजित की जाएगी। इसका आयोजन उर्वरी और नेटकनेक्ट फाउंडेशन की ओर से संयुक्त रूप से किया जा रहा है। आयोजकों ने कहा कि यह कोई विरोध प्रदर्शन नहीं है बल्कि बिगड़ती वायु गुणवत्ता एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य पर इसके बढ़ते प्रभाव के प्रति सामूहिक चिंता की अभिव्यक्ति है।
नेटकनेक्ट फाउंडेशन के निदेशक बी एन कुमार ने कहा कि मुंबई महानगर में यह अपने तरह का पहला जेन जेड के नेतृत्व वाला पर्यावरण अभियान होगा। इस कार्यक्रम का मुख्य संदेश यह है कि स्वच्छ हवा एक बुनियादी जन्मसिद्ध अधिकार है और इसके लिए सरकारी अधिकारियों एवं निर्वाचित प्रतिनिधियों दोनों से जवाबदेही की मांग करनी चाहिए।
उर्वरी की निदेशक वसुंधरा गुप्ते ने कहा कि मानव श्रृंखला नवी मुंबई को प्रभावित करने वाले प्रदूषण के कई स्रोतों को उजागर करेगी, जिनमें अनियंत्रित वायु प्रदूषण, पत्थर खनन और राष्ट्रीय राजमार्ग 348 पर उरण-पनवेल रोड कॉरिडोर के किनारे कंक्रीट संयंत्रों की बढ़ती संख्या शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि पुराने डंप ट्रकों एवं वाणिज्यिक वाहनों से घना काला धुआं निकलता है और खराब वायु गुणवत्ता में ये एक प्रमुख योगदानकर्ता है।
उर्वरी की समन्वयक सिया गुप्ता ने कहा कि बड़े पैमाने पर पुनर्विकास परियोजनाओं, अवसंरचना निर्माण कार्यों और सड़क चौड़ीकरण से उत्पन्न धूल ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। उन्होंने आगे कहा कि धूल नियंत्रण उपायों एवं उत्सर्जन मानदंडों को ठीक से लागू नहीं करने से स्वास्थ्य जोखिमों बढ़ रहा है, विशेष रूप से बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और श्वसन संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए।
विषय की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए बी एन कुमार ने कहा कि बिगड़ती वायु गुणवत्ता ने पहले ही दैनिक दिनचर्या को प्रभावित करना शुरू कर दिया है और उन्होंने बताया कि प्रदूषण संबंधी चिंताओं के कारण उन्होंने अपनी सुबह की सैर भी बंद कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित