भोपाल , दिसंबर 17 -- बीएचईएल, भोपाल में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल द्वारा सभी सहयोगी एजेंसियों के साथ मिलकर एक संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक श्री प्रदीप कुमार उपाध्याय, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री टी.यू. सिंह, सीआईएसएफ बीएचईएल भोपाल के वरिष्ठ कमांडेंट श्री शिवरतन मीणा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य वर्तमान परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए आतंकवादी हमलों की स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई की तैयारी का अभ्यास करना था। अभ्यास के दौरान परिदृश्य रचा गया, जिसमें दो हथियारबंद आतंकवादियों द्वारा संयंत्र के गेट क्रमांक एक से फायरिंग करते हुए प्रशासनिक भवन में प्रवेश कर कर्मचारियों को बंधक बनाया गया। तत्पश्चात सभी सहयोगी एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आतंकवादियों को निष्क्रिय किया और बंधक कर्मचारियों को सुरक्षित छुड़ाया।
इस मॉक ड्रिल में एंटी टेररिस्ट स्क्वाड, बीडीडीएस एवं डॉग स्क्वाड, स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, बीएचईएल प्रबंधन, मेडिकल टीम और सीआईएसएफ सहित कुल 178 प्रतिभागियों ने भाग लिया। मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित