पटना , फरवरी 16 -- बिहार के उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि इस समय प्रदेश में इथेनॉल का उत्पादन केंद्र सरकार की तरफ से खरीद के लिए निर्धारित कोटे से ज्यादा हो रहा है और सरकार किसानों तथा उद्यमियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार से इथेनॉल खरीद का कोटा बढ़ाने की मांग कर रही है ।
श्री जायसवाल ने आज सदन में विधायक श्याम रजक के अल्पसूचित सवाल का जवाब देते हुए कहा कि वर्तमान में बिहार के लिए निर्धारित कोटे के अनुसार सरकार को 35 करोड़ 28 लाख लीटर खरीद करना है, जो प्रतिदिन के हिसाब से 1060 किलो लीटर है। उन्होंने कहा कि बिहार में इस समय कुल उत्पादन प्रतिदिन करीब 1602 किलो लीटर है, जिसके हिसाब से सालाना उत्पादन 50 करोड़ लीटर से पार हो जाएगा।
श्री जायसवाल ने कहा कि सरकार उत्पादन और खरीद के बीच अंतर से वाकिफ है और इसके किये केंद्र सरकार से खरीद का कोटा बढ़ाने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार इस मामले में सकारात्मक रूख रखती है और भविष्य में केंद्र सरकार की मदद से इथेनॉल खरीद का कोटा बढ़ा कर उद्यमियों और मक्का किसानों के हितों की रक्षा की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित