, April 18 -- मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य में एरोसिटी के विकास की दिशा में भी ठोस पहल की जा रही है, जिसके अंतर्गत प्रमुख हवाई अड्डों के आसपास वाणिज्यिक, आतिथ्य, लॉजिस्टिक्स एवं पर्यटन आधारित अवसंरचना विकसित करने की योजना है। साथ ही, राज्य के छोटे एवं क्षेत्रीय हवाई अड्डों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में हवाई अड्डों के विकास को लेकर एक प्लान तैयार करें। सेफ्टी और क्वालिटी को लेकर विशेष ध्यान दें। उड़ान योजना के तहत हवाई अड्डों के उन्नयन, रन-वे विस्तार, टर्मिनल निर्माण एवं संचालन की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्कता प्राप्त होगी तथा क्षेत्रीय संतुलित विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार राज्य में हवाई संपर्कता को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटन एवं निवेश को भी प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न हवाई अड्डों के विकास, एरोसिटी परियोजनाओं एवं अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत से राज्य की आर्थिक एवं पर्यटन क्षमता को नई गति मिलने की उम्मीद है।
समीक्षा के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से 11 सैटेलाइट/ग्रीनफील्ड टाऊनशिप के विकास के रोडमैप के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित सैटेलाइट टाऊनशिप क्षेत्र के विस्तार के लिये पर्याप्त जगह रखी जा रही है। लोक संरचनाओं- रोड, ड्रेनेज के लिये सरकार निवेश करेगी। शहर का विकास मास्टर प्लान के ग्रिड के अनुसार निजी निवेश के द्वारा किया जायेगा, जिसके तहत न्यूनतम 55 प्रतिशत जमीन भूमि मालिकों को वापस कर दी जायेगी। देश में अन्य जगहों पर इस प्रणाली से शहरों का विकास हुआ है।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि नगरीय क्षेत्र के विकास के लिए तेजी से काम करना होगा। शहरों के विस्तारीकरण के लिए लॉन्ग टर्म प्लानिंग के लिए काम करें।साफ-सफाई, यातायात, शहरों के विस्तार को लेकर जो अर्बन नक्शा बनाएं उसको डिजिटलाइज कर लोगों को जानकारी में दें। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास के कई कार्य किए गए हैं। गांव में सारी सुविधायें विकसित की गई हैं। लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, नगर एवं विकास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के सचिव सह मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष पराशर, सिविल विमानन विभाग के सचिव निलेश रामचंद्र देवरे, नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा, सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के निदेशक अनिल कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित