, April 6 -- उप मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आज भाजपा की स्थापना के 47 वर्ष पूरे हुए हैं और एक कार्यकर्ता के तौर पर उनकी कामना है कि पार्टी 47 सौ साल पूरे करे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। वर्ष 1950 के दशक में भारतीय जनसंघ जिस विचारधारा पर चल रहा था, वही प्रतिबद्धता आज भी भाजपा में कायम है।उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ ही जनसंघ ने तत्कालीन सत्ता को उखाड़ फेंकने के लिए जनता पार्टी में विलय का निर्णय लिया था। यह निर्णय राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए लिया गया था।

श्री चौधरी ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम को टेंट से निकालकर भव्य मंदिर निर्माण का कार्य भाजपा ने ही पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह यात्रा केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि वैचारिक और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की यात्रा है, जो देश को एक नई दिशा देने का काम कर रही है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब विश्व में युद्ध जैसी स्थिति है, तब भारत की विदेश नीति पूरी दुनिया के लिए एक उदाहरण बनी हुई है और भारत व भारतीयों का वैश्विक स्तर पर सम्मान बढ़ा है।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नीति और सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है। यहां एक सामान्य कार्यकर्ता, जो बूथ स्तर से काम करता है, वह देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। साथ ही, एक साधारण राजनीतिक कार्यकर्ता और विधायक को पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का अवसर दिया है। भाजपा में कार्यकर्ता और विचारधारा ही सर्वोपरि हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित