पटना , अप्रैल 10 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने पर उन्हें हार्दिक बधाई दी है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चारों सदन का सदस्य बन कर कीर्तिमान स्थापित किया है। वे पहली बार संसद के उच्च सदन राज्यसभा पहुंचे हैं, जबकि इसके पूर्व लोकसभा, बिहार विधान परिषद और विधान सभा के सदस्य रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से बिहार की बागडोर संभालते हुए श्री कुमार ने राज्य के विकास में जो अतुलनीय योगदान दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि श्री कुमार ने बिहार को उस दौर से बाहर निकाला, जब राज्य अपनी पहचान के लिए संघर्ष कर रहा था। उन्होंने कहा कि श्री कुमार ने अपने कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राज्य की नियति और नीति दोनों को बदल दिया। अब राज्यसभा में श्री कुमार के अनुभव और दूरदर्शिता से न केवल बिहार बल्कि पूरे देश को लाभ होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित