पटना , नवंबर 14 -- बिहार में इस बार के विधानसभा चुनाव में 29 महिलाओं ने जीत का परचम लहराया।

इस बार के चुनाव में 2616 प्रत्याशी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे थे, जिनमें महज 258 महिलायें थी। इस चुनाव में महज 29 महिला निर्वाचित हुयी है। इसमें भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) और जनता दल यूनाईटेड (जदयू) की दस-दस महिला प्रत्याशियों ने चुनाव जीता। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की तीन-तीन महिलाओं ने जीत का परचम लहराया। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की दो और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) की एक महिला प्रत्याशी ने चुनाव में जीत हासिल की।

महिलाओं की हितैषी होने का दावा करने वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने इस बार के चुनाव में 34 महिलाओं को टिकट दिया था। राजग में शामिल भाजपा और जदयू ने 13-13,लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने पांच, हम ने दो और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) ने एक महिला को टिकट दिया। इनमें से भाजपा से जमुई से श्रेयसी सिंह, अलीनगर से मैथिली ठाकुर,बेतिया से पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी,परिहार से गायत्री देवी, नरपतगंज से देवंती यादव,प्राणपुर से निशा सिंह, कोढ़ा से कविता देवी, औराई से रमा निषाद, छपरा से छोटी कुमारी और मोहनियां (सुरक्षित) से संगीता कुमारी ने चुनाव जीता।

इसी तरह जदयू से गायघाट से कोमल सिंह, समस्तीपुर से अश्वमेध देवी, केसरिया से शालिनी मिश्रा, शिवहर से श्वेता गुप्ता, बाबूबरही से मीना कामत , फुलपरास से शीला मंडल ,त्रिवेणीगंज (सुरक्षित) से सोनम रानी सरदार,धमदाहा से लेसी सिंह, बेलागंज से मनोरमा देवी जीती और नवादा से विभा देवी ने जीता हासिल की। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के टिकट पर तीन महिला प्रत्याशी बलरामपुर से संगीता देवी, गोविंदपुर से विनिता मेहता और बोचहा (सुरक्षित) से बेबी कुमारी ने चुनाव जीता।

हिदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) से दो महिला उम्मीदवारों ने चुनाव जीता। इमामगंज (सुरक्षित) से जीतन राम मांझी बहू दीपा कुमारी और बाराचट्टी (सुरक्षित) से उनकी समधन ज्योति देवी ने जीत का परचम लहराया। वहीं उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के टिकट पर सासाराम सीट श्री कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता ने जीत हासिल की।

महागठबंधन की ओर से 31 महिला चुनावी मैदान में भाग्य आजमाने के लिये उतरी थी। महागठबंधन में शामिल राजद ने 23, कांग्रेस ने पांच , भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा माले) ने 01, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) ने 01-01 महिलआों को उम्मीदवार बनाया।भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने किसी महिला उम्मीदवार पर भरोसा नहीं जताया।

राजद की तीन महिला प्रत्याशी ही सियासी संग्राम में अपना 'करिश्मा' दिखाने में सफल हुयी।परसा से पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय की पौत्री करिश्मा राय, वारसिलीगंज से अनिता देवी और चकाई से सावित्री देवी ने चुनाव जीता। कांग्रेस, वीआईपी, भाकपा माले और आईआईपी की कोई महिला उम्मीदवार जीत हासिल करने में कामयाब नहीं हुयी।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 के चुनाव में 370 महिलायें चुनावी रण में उतरी थी, जिसमें 26 महिला विधायक बनने में सफल हुयी थी। भाजपा के टिकट पर सर्वाधिक नौ महिला चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची। वहीं, जदयू की छह, राजद की सात,कांग्रेस की दो, हम और वीआईपी की एक-एक महिला प्रत्याशी ने चुनाव में जीत हासिल की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित