पटना , मार्च 13 -- बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिलने के बाद शुक्रवार को सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

अध्यक्ष प्रेम कुमार ने आज इस संदेश को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तत्काल बैठक बुलाई, जिसमें स्थिति का आकलन तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान अध्यक्ष ने विधानसभा के प्रभारी सचिव ख्याति सिंह को निर्देश दिया कि वे तुरंत मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को इस धमकी की जानकारी दें और विधानसभा परिसर की व्यापक सुरक्षा जाँच कराएं।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सुरक्षा कर्मियों को पूरे परिसर में व्यापक तलाशी लेने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों को धमकी भरे ई-मेल के स्रोत और उसकी सत्यता का पता लगाने के लिए भी कहा गया है।

अध्यक्ष श्री कुमार के निर्देश के बाद राज्य के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया है और सुरक्षा के दृष्टिकोण से विधानसभा परिसर की गहन जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस बीच बिहार विधानसभा सचिवालय के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) ने बताया कि विधानसभा परिसर और वहां काम करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं। एहतियात के तौर पर परिसर के आसपास सुरक्षा जांच और निगरानी बढ़ा दी गई है।

पीआरओ ने कहा कि इस घटनाक्रम ने गंभीर सुरक्षा चिंताएं पैदा कर दी हैं और अधिकारी धमकी भरे ई-मेल के स्रोत की जांच करने में लगे हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित