नयी दिल्ली , फरवरी 20 -- बिहार की उन्नति के उपायों पर मंथन और जागरुकता के प्रयास के तहत दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 22 फरवरी को बिहार विकास सम्मेलन 2026 का आयोजन किया जायेगा।
सम्मेलन का आयोजन लेट्स इंस्पायर बिहार (एलआईबी) द्वारा किया जा रहा है। संस्था के संस्थापक और भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी विकास वैभव ने बताया कि इस सम्मेलन को लिए देश विदेश से पांच हजार के अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है। इसका उद्देश्य निवेश जुटाना नहीं, एक वातावरण तैयार करना है जो कंपनियों को बिहार में निवेश करने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन में 10 विषयों पर चर्चा होगी और बिहार को विकसित बनाने के लिए साल 2030 तक, 2030 से 2035 तक, 2035 से 2040 और 2040 से 2070 तक के लिए रोडमैप तैयार किये जायेंगे। इसमें यह बात पर भी चर्चा होगी कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय का स्तर किस प्रकार बढ़ाकर राष्ट्रीय स्तर के पास लाया जा सकता है।
श्री वैभव ने बताया कि बिहार विकास सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह करेंगे। इस मौके पर बिहार के उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल भी मौजूद रहेंगे।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि विकसित बिहार के बिना विकसित भारत का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता। बिहार के पास कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, पर्यटन, शिक्षा आदि क्षेत्रों में काफी अवसर हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित