, Nov. 20 -- शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बधाई एवं शुभकामनायें दी। मुख्यमंत्री श्री कुमार ने प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार जताते हुये उन्हें धन्यवाद दिया।
श्री कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधामनंत्री श्री मोदी के अलावा केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा, केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान, केन्द्रीय मंत्री अर्जन राम मेघवाल, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, आन्ध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चन्द्रबाबू नायडू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, केन्द्रीय राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल, राजस्थान की उप मुख्यमंत्री श्रीमती दीया कुमारी, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिन्दे, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित राजग में शामिल जदयू, भाजपा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के नवनिर्वाचित विधायक ,अन्य विशिष्ट अतिथिगण, सांसदगण, नवनिर्वाचित विधायकगण, विधान पार्षदगण, गणमान्य व्यक्ति, राजनीतिक कार्यकर्त्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में तीन महिलाओं को जगह मिली। इनमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व सांसद पुतुल कुमारी की पुत्री अंतर्राष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह,पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी रमा निषाद और लेशी सिंह को जगह मिली है। इनमें से लेशी सिंह पिछले नीतीश मंत्रिमंडल में भी शामिल थीं, जबकि श्रेयसी सिंह और रमा निषाद को इस बार मंत्रिमंडल में शामिल होने का अवसर मिला है। श्री कुमार के मंत्रिमंडल में एकमात्र मुस्लिम चेहरा जमा खान हैं, पिछले मंत्रिमंडल में भी शामिल थे।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह लोगों के भरोसे, सरकार की कोशिशों और बिहार के विकास की जीत है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा," राजग के नेतृत्व में और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार एक बार फिर सुशासन और विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए आगे बढ़ रहा है। मैं उन्हें बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि उनके नेतृत्व में बिहार नई ऊंचाइयों को छुएगा। बाबा महाकाल उन पर कृपा करें।"मंत्री पद की शपथ लेने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह 'विकसित बिहार' के सपने को पूरा करने की चुनौती है। सरकार की प्राथमिकता है कि बिहार कानून के राज में परिवर्तित हो। मैं पहले भी मंत्री रह चुका हूँ, लेकिन मुझे संगठन की भी सेवा करनी थी। यह चुनाव मैंने प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए लड़ा। अब मैं फिर से मंत्री बना हूं और आगे प्रदेश के नागरिकों की सेवा करूंगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने राज्य की जनता को "ऐतिहासिक जनादेश" के लिए धन्यवाद दिया और महिलाओं के "विशेष योगदान" को सराहा। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को धन्यवाद और शुभकामनाएं। मैं दिल से आभार और बधाई व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोगों ने काम किया और महिलाओं ने मतदान किया वह बिहार लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी और भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने अपने गीतों से मंच पर समा बांध दिया । दोनों 'हां हम बिहारी गा रहे' थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित