, Jan. 22 -- श्री यादव ने कहा कि मुजफ्फरपुर, पटना, नालंदा, गया, वैशाली एवं पश्चिम चंपारण जिले मशरूम उत्पादन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन जिलों में उत्पादित मशरूम स्थानीय बाजारों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश एवं नेपाल जैसे पड़ोसी देशों तक भेजे जा रहे हैं, जिससे किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है।

कृषि मंत्री ने कहा कि मशरूम उत्पादन से ग्रामीण परिवारों को कई स्तरों पर लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कम जगह में परिवार श्रम आधारित एवं महिला-हितैषी घरेलू उद्यम के रूप में इसे अपनाया जा रहा है। धान एवं गेहूं के भूसे जैसे कृषि अवशेषों के उपयोग से लागत में कमी आ रही है और 'कचरा से कमाई' की अवधारणा को बढ़ावा मिल रहा है। मुख्य खेती के साथ पूरक आय के रूप में यह गतिविधि तेज नकदी प्रवाह सुनिश्चित कर रही है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य एवं दैनिक आवश्यकताओं पर खर्च करना आसान हो रहा है। साथ ही छंटाई, पैकिंग, भंडारण, परिवहन एवं प्रसंस्करण के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन और माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी की आत्मनिर्भर बिहार की परिकल्पना के अनुरूप राज्य सरकार मशरूम उत्पादन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत स्तंभ बना रही है। यह गतिविधि कम संसाधनों में अधिक आय, पोषण सुरक्षा और स्थानीय रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर किसानों, महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही है तथा गांवों में टिकाऊ और समावेशी विकास को सुदृढ़ कर रही है।

कृषि मंत्री ने बताया कि मशरूम उत्पादन को और प्रोत्साहित करने के लिए केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत वातानुकूलित आधारभूत संरचना की स्थापना की जा रही है तथा राज्य योजना मद से मशरूम किट का वितरण एवं झोपड़ी आधारित मशरूम इकाइयों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजना का क्रियान्वयन राज्य के सभी जिलों में किया जा रहा है।उन्होंने इच्छुक किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों एवं युवा उद्यमियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन एवं योजना लाभ के लिये अपने निकटतम कृषि विज्ञान केंद्र , प्रखंड/जिला उद्यान कार्यालय अथवा मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण इकाइयों से संपर्क करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित