पटना, मार्च 16 -- भारतीय नृत्य कला मंदिर, सांस्कृतिक परिसर, फ्रेजर रोड, पटना के बिहार ललित कला अकादमी में बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड (कला एवं संस्कृति मंत्रालय) के नए कार्यालय का उद्घाटन किया गया।
बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड की महाप्रबंधक श्रीमती रूबी ने फीता काटकर निगम के नए कार्यालय का शुभारंभ किया। अब फिल्म निगम की सभी गतिविधियां निगम के नए कार्यालय भारतीय नृत्य कला मंदिर संस्कृतिक परिसर, स्थित बिहार ललित कला अकादमी के तृतीय तल से संचालित होंगी।
श्रीमती रूबी ने इस अवसर पर कहा कि राज्य में बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति लागू होने के बाद से फिल्म निगम का काम बढ़ गया है, जिसके बाद नए कार्यालय की जरूरत थी। उन्होंने कहा कि भविष्य को ध्यान में रखकर इस कार्यालय का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माताओं ने राज्य में फिल्म की शूटिंग के प्रति गहरी रूचि दिखलाई है, जिससे राज्य के दर्शनीय स्थलों का प्रचार होने के साथ ही राज्य के प्रतिभाओं को काम मिल रहा है।
श्रीमती रूबी ने कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण के लिए सर्वांगीण विकास के लिये हर मोर्चे पर काम किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत फिल्म शिक्षा के प्रीमियम संस्थानों- सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट में पढ़ने वाले बिहार के 29 छात्र-छात्राओं को 19 लाख से अधिक की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।उन्होंने कहा कि बिहार दिवस के मौके पर 22 मार्च को पटना म्यूजियम में अपराह्नन तीन बजे से 'नदिया के पार' फिल्म और 23 मार्च को आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय में तीसरी कसम फिल्म का प्रदर्शन प्रस्तावित है।
उद्घाटन के मौके पर परामर्शी (फिल्म) अरविंद रंजन दास, परामर्शी (लेखा) बीडी मिश्रा, कुमार गौरव, लीला प्रसाद, अमित कुमार, रेखा, विवेक कुमार, रामू मंडल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित