पटना , जनवरी 23 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता और पूर्व विधायक शक्ति सिंह यादव ने शुक्रवार को कहा कि सत्तापक्ष को विपक्ष की आलोचना रास नही आ रही है, इसीलिए प्रतिकार में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित अन्य विपक्षी नेताओं की सुरक्षा में कटौती की जा रही है।
श्री यादव ने आज 'यूनीवार्ता' से बातचीत? में कहा कि हाल ही में सरकार ने अपने प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्रियों की सुरक्षा बढ़ाई है और ऐसे समय मे विपक्षी नेताओं की सुरक्षा घटाना सत्ता पक्ष की मनसा पर संदेह खड़े करता है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि सत्ता पक्ष की आलोचना और उसे आईना दिखाना विपक्ष का कर्तव्य है, लेकिन दुर्भाग्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगियों को यह रास नही आता है। उन्होंने कहा कि किस तर्क के आधार पर भाजपा ने अपने नेताओं और मंत्रियो की सुरक्षा बढ़ा दी है और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की सुरक्षा घटा दी है, इस पर सफाई आनी चाहिए।
श्री यादव ने कहा कि सुरक्षा में कमी के सत्तापक्ष बिहार में विपक्ष के नेताओं पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।उन्होंने कहा कि विपक्ष आने वाले विधानसभा के बजट सत्र में इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की और जवाब मांगने की कोशिश करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित