पटना, मार्च 10 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट और पूर्व विधान परिषद सदस्य प्रेमचंद मिश्र ने मंगलवार को कहा कि विगत कुछ वर्षों से बिहार में बच्चों के गायब होने का सिलसिला जारी है और मानव तस्करी करने वाले गिरोह की प्रदेश में सक्रियता चिंता का विषय बन गई है।
श्री मिश्रा ने आज बयान जारी कर बिहार में चल रही मानव तस्करी पर चिंता व्यक्त की और कहा कि ऐसा राज्य में लचर कानून व्यवस्था की वजह से हो रहा है।
पूर्व विधान पार्षद ने कहा कि पिछले साल बच्चों की गुमशुदगी के कुल 14699 मामलों में 6927 बच्चों की बरामदगी नहीं हो सकी है, साथ ही लड़कियों की गुमशुदगी में भी बिहार का स्थान ओडिशा के बाद दूसरे नंबर पर है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को अनदेखा कर रही है, जो बहुत गंभीर विषय है। उन्होंने कानून व्यवस्था को कटघरे में खड़े करते हुए कहा कि पुलिस की लचरता देखकर 'ह्यूमन ट्रैफिकिंग' गिरोहों को बल मिल रहा है, इसीलिए ऐसे लोग अपने मंसूबे में कामयाब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में पुलिस ने इस संबंध में एक कमिटी और टीम का गठन किया था, लेकिन इसके क्रियान्वयन की गति अब भी धीमी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित