पटना, फरवरी 19 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने गुरूवार को कहा कि बिहार में विकास का स्वर्णिम युग चल रहा है।
श्री मिश्र ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार का कोई ऐसा कोना नहीं बचा, जहां विकास की किरण नहीं पहुंची हो। उन्होंने कहा कि विकास की यह किरण और प्रखर होनेवाली है। एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में करीब 9000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों को स्वीकृति दी गयी। इससे बिहार के औद्योगिक विकास के एक नये अध्याय की शुरुआत होगी। बिहार की पहचान औद्योगिक प्रदेश के रूप में बनेगी। रोजगार के नये अवसर प्राप्त होंगे और जल्द ही देश के विकसित राज्यों में शामिल होगा।
श्री मिश्र ने कहा कि बिहार अब तेज रफ्तार के साथ औद्योगिक विकास के लिए पूरी तरह तैयार है और एशियन डेवलपमेंट बैंक का यह सहयोग विकास की रफ्तार को कई गुना बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि गया-मुजफ्फरपुर में औद्योगिक क्लस्टर, रोजगार को बढ़ावा इस निवेश योजना का सबसे बड़ा फोकस औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने पर है। गया और मुजफ्फरपुर में आधुनिक एकीकृत औद्योगिक केंद्र स्थापित किये जाएंगे, जिससे विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र मजबूत होगा।
भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का उद्देश्य बिहार को अधिक उत्पादक और नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था में बदलना है, जिसके लिए युवाओं के कौशल विकास कार्यक्रम भी बड़े स्तर पर चलाये जाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन और कृषि को इस निवेश योजना में प्रमुख स्थान दिया गया है। राज्य के ऐतिहासिक बौद्ध सर्किट को विकसित कर अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं की बिहार विकास एक नयी उड़ान भर चुका है और जल्द ही यह समृद्धि की नयी शिखर पर होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित