पटना , दिसंबर 17 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि प्रदेश में यातायात प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना से यातायात पुलिस बल को आधुनिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा। श्री चौधरी ने आज बयान जारी कर कहा कि यातायात प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना सेराज्य की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि यह अकादमी बिहार पुलिस के लिए एक मील का पत्थर सिद्ध होगी। इस पर 13 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे ।

श्री चौधरी ने बताया कि फुलवारीशरीफ, पटना स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16 कैम्पस को यातायात प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि बिहार की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने बताया कि बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16 का स्थायी स्थापना पटना जिलान्तर्गत मोकामा क्षेत्र में किया जाना प्रस्तावित है। इसके बाद फुलवारीशरीफ स्थित खाली भूमि/भवन में से 10 एकड़ भूमि यातायात प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना के लिये आवंटित की जाएगी।

श्री चौधरी ने कहा कि यातायात प्रशिक्षण अकादमी के लिये भूमि उपलब्ध कराने के बाद शेष भूमि पर पटना यातायात पुलिस केन्द्र स्थापित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित