, Dec. 14 -- पटना, 14 दिसंबर (यूएनआई) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने और पुलिस कर्मियों की जिंदगी आसान बनाने के लिए एक नई पहल करते हुए रविवार को पटना पुलिस केंद्र में 'जीविका दीदी की रसोई' का शुभारंभ किया।
श्री कुमार ने आज लगभग 3,000 पुलिसकर्मियों को किफायती दरों पर पौष्टिक भोजन की सुविधा देने वाले जीविका रसोई की स्थापना करते हुए कहा कि इससे उनका समय और श्रम बचेगा तथा अपनी ड्यूटी निभाने में भी आसानी होगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से लगभग 120 जीविका दीदियों को रोजगार भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बताया कि 'दीदी की रसोई' योजना की शुरुआत वर्ष 2018 में वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित सदर अस्पताल से हुई थी, जिसे बाद में 'जीविका दीदी की रसोई' नाम दिया गया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बिहार भर में 334 की संख्या में 'जीविका दीदी की रसोई' संचालित हो रही हैं, जो अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, आवासीय विद्यालयों, वृद्धाश्रमों, प्रशासनिक कार्यालयों, राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी तथा अन्य पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों में कार्यरत हैं।
गौरतलब कहा कि मुख्यमंत्री बनते ही श्री कुमार ने महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए 2006 में जीविका समूह की स्थापना की थी, जिसके तहत आज एक करोड़ 40 लाख महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही हैं और इसी वर्ष चुनाव से पहले बिहार सरकार ने इन महिलाओं के खाते में रोजगार के लिए दस हजार की राशि भेजी थी और कहा था कि जो महिलाये रोजगार शुरू करेंगी उन्हें दो लाख रूपये की अतिरिक्त सुविधा भी मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित