पटना , मार्च 04 -- बिहार में रंग और उमंग का त्योहार होली आज पूरे हर्षोल्लासके साथ मनाया जा रहा है।
बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को होली का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। कहीं कुर्ता फाड़ तो कहीं पानी की बौछार वाली होली खेली गयी है। रंगो के इस त्योहार में सभी वर्गो के लोग सभी तरह के भेद भुलाकर एक दूसरे से गले मिल रहे हैं और होली की बधाइयां दे रहे है।
बिहार में लोग होली के रंग में रंगे हुए है। चारो ओर रंगोत्सव की उमंग है। हर ओर लोगों में होली का उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग रंग में सराबोर नजर आ रहे हैं। सुबह से हीं होली के गीत घरों में गूंज रहे हैं। भाईचारे के प्रतीक होली पर गिले-शिकवे भूलाकर लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया। शहर, नुक्कड़ और गली में 'बुरा न मानो होली है' की गूंज सुनाई देती रही। युवाओं की टोली ने होली का जमकर आनंद उठाया। दिन भर रंग खेलने के बाद युवाओं ने शाम में एक दूसरे के घर जाकर बड़ों से आशीर्वाद लिया। घरों में पकवानों की खुशबू फैल रही है, जहां लोग पुआ, गुजिया, लड्डू, और अन्य पारंपरिक मिठाइयों का आनंद ले रहे हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश एवं देशवासियों को रंगों के त्योहार होली की बधाई एवं शुभकामनायें दी है। उन्होंने कहा कि होली सामाजिक समरसता का प्रतीक है। होली का यह पवित्र त्योहार राज्यवासियों के जीवन में खुशियों के नए रंग लेकर आए। उन्होंने कहा कि यह पवित्र त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का भी प्रतीक है। उन्होंने राज्यवासियों से होली का त्योहार पारस्परिक प्रेम, आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने की है।
पटना में आज दोपहर को सड़कें सुनसान नजर आईं। बाजार बंद होने से वाहनों की आवाजाही इक्का-दुक्का ही रही। होली पर्व को लेकर पुलिस और प्रशासन की टीम काफी मुस्तैद नजर आई। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। हुड़दंगी और उपद्रवियों पर पुलिस की खास सतर्कता बरती। फिलहाल किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित